Ranchi: सुखदेवनगर थाना की पुलिस ने विद्यानगर (रोड नंबर-6, करम चौक) इलाके में छापेमारी कर एक महिला समेत तीन ड्रग पेडलर्स को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में विद्यानगर के मां सीमेंट गली निवासी अनिकेत अग्रवाल, विद्यानगर रोड नंबर-6 निवासी मां-बेटा कुसुम चौबे एवं अंकुश चौबे शामिल हैं. इनके पास से 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 स्मार्टफोन, 7320 रुपये नकद, एक नोटबुक बरामद की गयी है. डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित दो विशेष टीमों ने इनको गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:25 बजे एसएसपी को विद्यानगर, करम चौक के पास अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. सिटी एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो पुलिस को देखकर अनिकेत अग्रवाल भागने लगा. अनिकेत अग्रवाल को पुलिस टीम ने खदेड़ कर पकड़ा. तलाशी के दौरान अनिकेत के पास से प्लास्टिक की पन्नी में 20 पुड़िया (2.05 ग्राम) ब्राउन शुगर मिला. जब उससे पूछताछ की गई तो उसने मां-बेटा के संबंध में जानकारी दी. उसके बाद पुलिस ने मां-बेटा को भी दबोच लिया.

यह भी पढ़ें: झारखंड कैडर के IPS चंदन कुमार झा बने CISF के डीआईजी, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश, तत्काल कार्यमुक्त करने का अनुरोध
घर की अलमारी और पर्स से भी मिला ब्राउन शुगर
अनिकेत की निशानदेही पर पुलिस ने तुरंत रोड नंबर-6 स्थित अंकुश चौबे के घर पर छापेमारी की. जब घर और वहां मौजूद लोगों की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए. महिला कुसुम चौबे के पास से 49 पुड़िया (4.94 ग्राम) और अंकुश चौबे के पास से 45 पुड़िया (4.65 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद की गई. इतना ही नहीं, घर की अलमारी में रखे एक हैंड पर्स से भी 45 पुड़िया (4.79 ग्राम) ड्रग्स मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. तीनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है. छापेमारी टीम में सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी सहित दोनों थानों के कई सब-इंस्पेक्टर और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: BREAKING : झारखण्ड सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी और जनहित कार्यों के लिए जमीन दान करने पर अब नहीं लगेगी रजिस्ट्री फीस
