Hazaribagh: शहर में इन दिनों चेन और मोबाइल छीनने वाले अपराधियों का गिरोह सक्रिय हो गया है. पिछले तीन दिनों में लगातार चार छिनतई की घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अपराधी दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक किसी ठोस सफलता तक नहीं पहुंच सकी है.

स्कूटी सवार से झपटी 20 ग्राम सोने की चेन
ताजा मामला सोमवार सुबह कोर्रा थाना क्षेत्र का है. डीपूगढ़ा निवासी अशोक शाह अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान खंडेलवाल भवन के पास काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधी पीछे से पहुंचे और उनके गले से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. पीड़ित ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे तेज रफ्तार से भाग निकले. घटना के बाद अशोक शाह ने कोर्रा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
तीन दिन में चार वारदात, संगठित गिरोह की आशंका
शुक्रवार को एक महिला से सोने की चेन छीनी गई, शनिवार को दूसरी महिला को निशाना बनाया गया, रविवार को एक कॉलेज छात्रा का मोबाइल छीन लिया गया और सोमवार को अशोक शाह चेन स्नैचिंग का शिकार हो गए. लगातार हो रही घटनाओं से यह आशंका जताई जा रही है कि शहर में कोई संगठित स्नैचर गैंग सक्रिय है, जो महिलाओं और राहगीरों को निशाना बना रहा है.
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अधिकांश वारदातें शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुई हैं, जिससे पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. कोर्रा थाना पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं, जबकि लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और वे जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
