Jamtara: उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जामताड़ा प्रखंड सभागार में बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी, बाल दुर्व्यवहार और बच्चों के अधिकारों के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक और संवेदनशील बनाना था.

बाल संरक्षण कानूनों की दी गई जानकारी
कार्यशाला में जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण पदाधिकारी (संस्थागत) संजय यादव के मार्गदर्शन में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों, सरकारी योजनाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों और कर्मचारियों को बाल अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया.
विशेषज्ञों ने साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव, बताया गंभीर सामाजिक समस्या
चाइल्ड हेल्पलाइन जामताड़ा की समन्वयक मनीषा देवी, सुपरवाइजर अभिनय कुमार और बीपीआरओ महादेव पोद्दार ने बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन और समाज दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है. वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी जैसी कुप्रथाएं बच्चों के भविष्य को प्रभावित करती हैं. इन समस्याओं की रोकथाम के लिए जागरूकता और समय पर कार्रवाई बेहद जरूरी है. उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इन कुप्रथाओं के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
ALSO RAED : जामताड़ा:कासियाटांड़ रेलवे हॉल्ट के पास दो राशन दुकानों में चोरी, छावनी काटकर वारदात
1098 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील
कार्यशाला के दौरान बताया गया कि किसी भी बच्चे के साथ शोषण, दुर्व्यवहार, बाल श्रम या तस्करी जैसी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या संबंधित विभाग को सूचित करना चाहिए. इससे समय पर हस्तक्षेप कर बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है.
बच्चों के अधिकारों पर दिया गया जोर
प्रतिभागियों को बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के अधिकारों से संबंधित योजनाओं और संरक्षण तंत्र की जानकारी भी दी गई. साथ ही अधिकारियों और कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्र में बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की पहचान कर समय पर रिपोर्ट करने की अपील की गई. कार्यशाला में प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया.
