Koderma: जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत मरकच्चो-बरियारडीह मुख्य मार्ग के दरगाह मुहल्ला स्थित हिस्से में शुरुआती बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. इससे राहगीरों, विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

नाली नहीं होने से वर्षों से बनी हुई है समस्या
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या कोई नई नहीं है. पिछले कई वर्षों से बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव का यही नजारा देखने को मिलता है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे नाली का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है. यदि नाली का निर्माण हो जाए तो इस समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है.
ALSO READ : पहले बहन-फिर भाई की मिली लाश, मासूमों की मौत पर फूटा गुस्सा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
हजारों लोगों की आवाजाही वाला महत्वपूर्ण मार्ग
ग्रामीणों ने बताया कि यह क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. इसी सड़क से मंदिर, मस्जिद, विद्यालय और अन्य जरूरी स्थानों तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है. साथ ही जनप्रतिनिधियों, प्रखंड प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का भी इसी मार्ग से आवागमन होता है, लेकिन अब तक इस समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है.
दुर्घटना और बीमारी का बढ़ रहा खतरा
सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. वहीं जमा पानी और दुर्गंध से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने का भी खतरा है. इस संबंध में स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि रिंकू सिंह ने बताया कि समस्या के समाधान को लेकर विभाग को लिखित रूप से अवगत कराया गया है और उम्मीद है कि जल्द ही नाली निर्माण कर लोगों को इस परेशानी से राहत दिलाई जाएगी.
ALSO READ : चाईबासा: विकास दोदराजका बोले, बच्चों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी और प्राथमिकता
