Palamu: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा स्थित बन पहाड़ी जंगल में 30 मई को मिले मुजाहिद अंसारी के शव मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है. जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश और पुरानी खुन्नस सामने आई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों अमित कुमार और तसलीम अंसारी उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है.

मजदूरी के दौरान हुआ था विवाद
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक और आरोपी सभी दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी का काम करते थे. पूर्व में भी उनके बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हुआ था, जिसमें मृतक ने आरोपी पर कैंची से हमला कर दिया था.
Also Read: पहले बहन-फिर भाई की मिली लाश, मासूमों की मौत पर फूटा गुस्सा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
पुरानी खुन्नस बनी हत्या की वजह
एसपी ने बताया कि कैंची हमले में आरोपी को मामूली चोट आई थी, लेकिन उसी समय से उसके मन में इस घटना को लेकर गहरी खुन्नस बैठ गई थी. इसी विवाद और पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हत्या की साजिश रची और मुजाहिद अंसारी की पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या कर दी.
विशेष टीम ने किया पर्दाफाश
चैनपुर पुलिस ने एसडीपीओ सदर राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया. पुलिस ने त्वरित अनुसंधान करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, खून लगे कपड़े, वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर तथा घटनास्थल से मृतक की एक कलाई घड़ी भी बरामद कर ली है.
