Pakur: पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तिरपितिया नदी किनारे स्थित पत्थरडांगा श्मशान घाट के समीप एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलने पर पाकुड़िया पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

मृतक की पहचान श्रवण गुप्ता के रूप में हुई
पुलिस ने मृतक की पहचान पत्थरडांगा गांव निवासी श्रवण गुप्ता के रूप में की है. बताया जाता है कि श्रवण गुप्ता विभिन्न हाट-बाजारों में फुटपाथ पर रेडीमेड कपड़ों की बिक्री कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. शव मिलने की खबर फैलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए.
ALSO READ : ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़: हजारीबाग पुलिस ने किया खुलासा, कई जिलों तक फैला था कारोबार
प्रारंभिक जांच में नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं. हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
ALSO READ : टाटा स्टील के पूर्व स्पोर्ट्स ऑफिसर और अर्जुन अवार्डी बलविंदर सिंह का निधन
