-आपातकालीन चिकित्सा सेवा को पूरी तरह डिजिटल और रफ्तार देने की तैयारी
Ranchi: झारखंड में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, त्वरित और हाईटेक बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी ने राज्य में 500 इमरजेंसी मेडिकल एम्बुलेंस सर्विस को संचालित करने और उन्हें 108 कॉल सेंटर के साथ एकीकृत करने के लिए एक मेगा टेंडर जारी किया है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मरीजों तक एम्बुलेंस की पहुंच को बेहद आसान और समयबद्ध बनाना है.
क्या है सरकार की नई योजना
इस निविदा के माध्यम से सरकार एक ऐसी योग्य और अनुभवी एजेंसी (सर्विस प्रोवाइडर) का चयन करेगी, जो न सिर्फ इन 500 नई एम्बुलेंस गाड़ियों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस करेगी, बल्कि उनका दैनिक संचालन भी संभालेगी. इसके साथ ही, मौजूदा ‘108’ सेंट्रलाइज्ड कॉल सेंटर को इस नए बेड़े के साथ पूरी तरह सिंक किया जाएगा ताकि कॉल आते ही मरीज की लोकेशन ट्रैक हो सके और नजदीकी एम्बुलेंस को बिना समय गंवाए रवाना किया जा सके.
इस कदम का जनता को क्या होगा फायदा
वर्तमान में झारखंड के सुदूर ग्रामीण इलाकों में समय पर एम्बुलेंस न मिलना एक बड़ी चुनौती रहा है. 500 नई हाईटेक एम्बुलेंस के सड़क पर उतरने और 108 कॉल सेंटर के अपग्रेड होने से ‘गोल्डन ऑवर’ (हादसे या बीमारी के ठीक बाद का पहला घंटा) में मरीजों को इलाज मिलना संभव हो सकेगा, जिससे राज्य में मृत्यु दर में भारी कमी आने की उम्मीद है.
ALSO READ: नौबामुंडी-किरीबुरू क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, चोरी की 20 मोटरसाइकिल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
