Pakur: मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने पर महिला लाभार्थी परेशान नजर आ रही हैं. योजना के सत्यापन को लेकर लगभग दर्जनों महिलाएं समाहरणालय स्थित जिला समाज कल्याण कार्यालय पहुंचीं.

दस्तावेज अपडेट कराने के लिए बुलाया गया था
महिलाओं ने बताया कि मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन के लिए पिछले कुछ दिनों से शहर के टीन बांग्ला स्थित पुराना कचहरी परिसर में आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक खाता समेत अन्य दस्तावेजों की छायाप्रति जमा कराई जा रही थी. कर्मचारियों के निर्देश पर बड़ी संख्या में महिलाएं वहां पहुंची थीं.
कागजात जमा करने को लेकर बना असमंजस
महिलाओं का कहना है कि जब वे टीन बांग्ला स्थित केंद्र पहुंचीं तो वहां कार्यरत कर्मियों ने उन्हें जिला समाज कल्याण कार्यालय में कागजात जमा करने की सलाह दी. इसके बाद महिलाएं जिला समाज कल्याण कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्हें प्रखंड कार्यालय में दस्तावेज जमा करने को कहा गया.
महिलाओं में दिखी नाराजगी
लगातार अलग-अलग जगह भेजे जाने से महिला लाभार्थियों में नाराजगी देखी गई. उनका कहना है कि उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है कि सत्यापन के लिए कागजात आखिर कहां जमा करना है. इससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग
महिला लाभार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि सत्यापन प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और योजना का लाभ समय पर मिल सके.
