Ranchi : आगामी राजनीतिक चुनौतियों और मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए झारखंड कांग्रेस अपने प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों और रिसर्च टीम को नई धार देने की तैयारी में जुट गई है. इसी उद्देश्य से 3 जून को रांची प्रेस क्लब में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है, जहां पार्टी के मीडिया प्रतिनिधियों को प्रभावी संवाद, तथ्यपरक बहस और जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा.

मीडिया और राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयारी
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम का मकसद पार्टी के मीडिया प्रतिनिधियों को कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों, संगठनात्मक दृष्टिकोण और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों की गहन जानकारी देकर उन्हें हर मंच पर प्रभावी ढंग से पार्टी का पक्ष रखने के लिए तैयार करना है.
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर अपने रखेंगे विचार
शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, डॉ. रामेश्वर उरांव समेत कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में पार्टी की भूमिका, संविधान निर्माण में योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर अपने विचार रखेंगे.
ALSO READ : तीन हजार रंगदारी नहीं देने पर ठेला में आग लगाने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश
जवाब देने की रणनीति भी सिखाई जाएगी
प्रशिक्षण के दौरान मीडिया प्रबंधन, प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, टीवी डिबेट में प्रभावी प्रस्तुति, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा. साथ ही फेक न्यूज और दुष्प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की रणनीति भी सिखाई जाएगी.
सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
राकेश सिन्हा ने कहा कि आज के दौर में मीडिया और सोशल मीडिया जनमत निर्माण का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है. ऐसे में पार्टी के प्रवक्ताओं का तथ्यों, आंकड़ों और नीतिगत विषयों पर मजबूत पकड़ होना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस की मीडिया ताकत को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
ALSO READ : झारखंड शराब घोटाले पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा हमला, सत्ता संरक्षण में संगठित आर्थिक अपराध का लगाया आरोप
