इधर हजारीबाग डीसी कर रहे थे निरीक्षण, उधर पत्रकार की बाइक उड़ा ले गए चोर

Hazaribagh: इचाक थाना क्षेत्र में बाइक चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं, कि अब उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस...

Hazaribagh News
सांकेतिक तस्वीर

Hazaribagh: इचाक थाना क्षेत्र में बाइक चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं, कि अब उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी का भी खौफ नहीं रहा. मंगलवार को एक हैरतअंगेज घटना ने सबके होश उड़ा दिए. जिले के उपायुक्त हेमंत सती जहां इचाक मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर चोरों ने एक पत्रकार की मोटरसाइकिल चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली.

बाइक खड़ी करने के 15 मिनट के अंदर ही हो गई चोरी

जानकारी के अनुसार, दैनिक अखबार के पत्रकार गणेश कुमार उपायुक्त के निरीक्षण कार्यक्रम की कवरेज के लिए इचाक मोड़ पहुंचे थे. उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस (जेएच 05 आर 3134) को पिक प्वाइंट के समीप खड़ा किया और समाचार व फोटोग्राफी के लिए उपायुक्त के काफिले के पास चले गए. इसी दौरान करीब 15 से 20 मिनट के भीतर अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गए. समाचार संकलन के बाद जब पत्रकार वापस लौटे तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली. आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार को दी.

चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास के थानों को बाइक चोरी की सूचना भेजी गई. साथ ही संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक बाइक बरामद नहीं हो सकी थी. पीड़ित पत्रकार ने थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और बाइक बरामद करने की मांग की है. थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि बाइक चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी.

लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी

इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब उपायुक्त के दौरे के दौरान, पुलिस बल की मौजूदगी में ही चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है. गौरतलब है कि इससे पहले भी क्षेत्र में पत्रकारों की बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. कुछ समय पूर्व राष्ट्रीय खबर के पत्रकार कुलदीप कुमार की बाइक बरियठ गांव के पास से चोरी हो गई थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी और चिंता बढ़ती जा रही है.

यह भी पढ़ें: मलेरिया रोधी माह के अवसर पर बंदगांव सीएचसी में दिलाई गई शपथ, जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान – Newswave Jharkhand

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *