Ranchi : झारखंड के आसमान पर बादलों की आवाजाही के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विज्ञान विभाग ने इस संबंध में जानकारी दी है. जिसके अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक कहीं कहीं गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका है. राहत की बात बस इतनी है कि इस दौरान राज्य के अलग अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश भी दर्ज की जा सकती है. जिससे झुलसाती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इसके साथ ही अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे धीरे बढ़ोतरी होने का भी अनुमान है.

पिछले 24 घंटों का हाल : डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म
बीते 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ बेहद हल्की बारिश दर्ज की गई. जिसमें सबसे अधिक वर्षा हजारीबाग में 2.4 मिलीमीटर रही. तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
शहरों का तापमान
जमशेदपुर और सराइकेला : जमशेदपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस और सराइकेला में 39.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.
बोकारो : अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
रांची और चाईबासा : रांची में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
खूंटी, लोहरदगा और पाकुड़ : खूंटी में 35.7 डिग्री, लोहरदगा में 35.4 डिग्री और पाकुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
अगले 5 दिनों का मौसम और येलो अलर्ट
- 3 जून : उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों को छोड़कर राज्य के शेष हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
- 4 जून : राज्य के पूर्वी तथा उससे सटे मध्य भागों में कहीं कहीं गर्जन और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
- 5 और 6 जून : उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में मौसम बिगड़ेगा. 6 जून को पूरे राज्य में कहीं भी आंधी-पानी की स्थिति बन सकती है.
- 7 जून : राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग आदि) में वज्रपात और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.
- 8 और 9 जून : मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और आसमान साफ रहने की उम्मीद है.
रांची और आसपास के इलाकों का पूर्वानुमान
राजधानी रांची और इसके आस पास के क्षेत्रों में 3 से 5 जून तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं. इन दिनों अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. वहीं 6 और 7 जून को रांची में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है- जिससे न्यूनतम तापमान गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है.
ALSO READ : गिरिडीह में सोलर बैट्री बनी बम, जोरदार धमाके के बाद तीन मंजिला मकान की छत पर लगी आग
