Ranchi : राजधानी स्थित सदर अस्पताल एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट स्वास्थय सेवाओं के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर चमका है. राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक ( NQAS ) के तहत संचालित मुस्कान (MusQan) कार्यक्रम में अस्पताल ने शानदार 96.61 प्रतिशत अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है. इस उपलब्धि के साथ सदर अस्पताल रांची मुस्कान सर्टिफिकेशन प्राप्त करने वाला झारखंड का पहला अस्पताल बन गया है.
राष्ट्रीय मूल्यांकन में अस्पताल के विभिन्न विभागों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. एसएनसीयू ( SNCU ) को 98 प्रतिशत, पीडियाट्रिक वार्ड को 97.96 प्रतिशत और पीडियाट्रिक ओपीडी को 93.84 प्रतिशत अंक मिलें. यह उपलब्धि अस्पताल में बच्चों को दी जा रही गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और संवेदनशील स्वास्थय सेवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी मान्यता है.

12 साल तक के बच्चों को बेहतर स्वास्थय सेवाएं देना जरूरी
भारत सरकार के स्वास्थय एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल मुस्कान कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में जन्म से 12 वर्ष तक के बच्चों को बेहतर, सुरक्षित और बाल अनुकूल स्वास्थय सेवाएं उपलब्ध कराना है. इसी क्रम में 29 और 30 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ताओं की टीम ने सदर अस्पताल का विस्तृत आंकलन किया था. निरीक्षण के दौरान मरीजों के अधिकार, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन, क्लिनिकल प्रोटोकॉल, सेवा प्रदायगी और चाइल्ड फ्रेंडली वातावरण जैसे सभी महत्वपूर्ण मानकों पर अस्पताल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम को प्रभावित किया.
राज्य के लिये गौरव का क्षण
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ बिमलेश सिंह ने कहा कि 96.61 प्रतिशत स्कोर के साथ मुस्कान सर्टिफिकेशन प्राप्त करना पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है. उन्होंने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी गुणवत्ता के इन मानकों को बनाएं रखते हुए राज्य के अन्य स्वास्थय संस्थानों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा. यह सफलता अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है.
ALSO READ : रांची: UPSC परीक्षा को लेकर बरियातू में निषेधाज्ञा लागू, 200 मीटर दायरे में भीड़ जुटाने पर रोक
