Koderma: जिले के डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र के बाजार में निर्माणाधीन शेड में अनियमितता की शिकायत मिलने पर नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा और नगर उपाध्यक्ष आदर्श पंकज ने बुधवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उपयोग की जा रही सामग्री की जांच की.

निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि संवेदक को स्वीकृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) के अनुसार ही निर्माण कार्य करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में 12 एमएम छड़ का उपयोग किया जा रहा है, जिसकी जांच मौके पर की गई.
गिट्टी की गुणवत्ता जांच के निर्देश
उन्होंने कहा कि निर्माण में प्रयुक्त गिट्टी की गुणवत्ता को लेकर इंजीनियर को गिट्टी का लैब टेस्ट कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच हो सके.
Also Read: रांची: UPSC परीक्षा को लेकर बरियातू में निषेधाज्ञा लागू, 200 मीटर दायरे में भीड़ जुटाने पर रोक
अनियमितता पर सख्त रुख
नगर अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संवेदक को निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करने और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया.
सभी योजनाओं की होगी निगरानी
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में चल रही सभी विकास योजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि जनता को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ निर्माण कार्य का लाभ मिल सके.
