pakud : जिले के किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ की निदेशक परिषद की बैठक उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित उद्योगों के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक के दौरान सिद्धकोफेड द्वारा जिले में चावल मिल स्थापित करने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने की मांग की गई.

किसानों को मिलेगा बेहतर दाम और रोजगार
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिले में चावल मिल की स्थापना होने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा. साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. इसके अलावा उपायुक्त ने जिले के बेहतर प्रदर्शन करने वाले लैम्पसों को तेल मिल एवं दाल मिल स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादों का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण होने से मूल्य संवर्द्धन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को अपनी उपज का अधिक लाभ मिल सकेगा. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा किसानों के हितों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. बैठक में कृषि एवं वनोपज आधारित उद्योगों के माध्यम से जिले की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
Also Read : रांची: UPSC परीक्षा को लेकर बरियातू में निषेधाज्ञा लागू, 200 मीटर दायरे में भीड़ जुटाने पर रोक
