-
सड़क किनारे दुकान और ठेला लगाने पर नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने जताई नाराजगी
Koderma: जिले के डोमचांच नगर पंचायत के बाजार रोड में लगातार लग रहे जाम और बढ़ती अतिक्रमण की समस्या को लेकर नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने बुधवार को बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क किनारे सब्जी, फल एवं अन्य सामान की दुकान लगाने वाले दुकानदारों और ठेला संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए. नगर अध्यक्ष ने कहा कि बाजार रोड पर दुकानदारों द्वारा सड़क तक दुकान फैलाने और ठेला लगाने के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. इससे आम लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने सभी दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानें सड़क से पीछे हटाकर लगाने का निर्देश दिया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके.

यह भी पढ़ें: रांची : सदर अस्पताल को मिला मुस्कान सर्टिफिकेशन, 96.61 प्रतिशत स्कोर हासिल किया
निर्देश नहीं मानने वालों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क किनारे या सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी. उमेश वर्मा ने दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बाजार की व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि बाजार की सुंदरता और व्यवस्था भी बेहतर होगी. नगर पंचायत ने सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर संचालित करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई की नौबत न आए. मौके पर नगर उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज भी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: रांची: UPSC परीक्षा को लेकर बरियातू में निषेधाज्ञा लागू, 200 मीटर दायरे में भीड़ जुटाने पर रोक
