Palamu: जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-जिला प्रबंधक प्रमोद कुमार दास द्वारा बुधवार को राज्य खाद्य निगम गोदाम, बैरिया मेदिनीनगर का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान गोदाम में खाद्यान्न भंडारण, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया.


FIFO पद्धति के पालन का दिया निर्देश
निरीक्षण के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार दास ने गोदाम परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, खाद्यान्न का सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रख-रखाव करने तथा खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु FIFO (First In First Out) पद्धति का शत-प्रतिशत अनुपालन करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी आवश्यक पंजीयों का अद्यतन संधारण करने एवं गोदाम परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को निरंतर चालू अवस्था में रखने को कहा गया. उन्होंने गोदाम में उपलब्ध सभी खाद्यान्न स्टॉक को वैज्ञानिक तरीके से स्टैकिंग कर सुरक्षित रखने का भी निर्देश सहायक गोदाम प्रबंधक को दिया, ताकि खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनी रहे.
ALSO READ:किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्द्धन को लेकर उपायुक्त ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए गोदाम प्रबंधन में सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है. निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, मेदिनीनगर नगर निगम सदर, सहायक गोदाम प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
