Ranchi: झारखंड में एक बार फिर विदेश में बैठकर अपना जुर्म का साम्राज्य चला रहे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का आतंक देखने को मिला है. इस बार उसके निशाने पर रांची का सबसे व्यस्त और प्रतिष्ठित इलाका फिरयालाल चौक स्थित जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक मिहिर घोष से 50 लाख की रंगदारी मांगी हैं. रंगदारी व्हाट्सएप मैसेज और वॉइस कॉल्स के जरिए मांगी गई है. रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने और खोपड़ी खोल देने की धमकी दी गई है. मामले में मिहिर घोष ने कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक मिहिर घोष ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया कि दो जून की सुबह जब वह सोकर उठे, तो उन्होंने अपना व्हाट्सएप चेक किया. उनके पर्सनल नंबर पर एक अनजान विदेशी नंबर से धमकी भरा मैसेज आया हुआ था. मैसेज में साफ तौर पर लिखा था कि अगर 50 लाख रुपये की रंगदारी नहीं दी, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें.

यह भी पढ़ें: पाकुड़: अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, जांच में खामियां मिलने पर जारी हुए नोटिस
मैसेज में क्या है?
“जोहार. मिहिर घोष जी, मैं प्रिंस खान बोल रहा हूं दुबई से. आप बहुत दिन से रेस्टोरेंट का कारोबार कर रहे हैं इसलिए आप 50 लाख प्रोटेक्शन मनी दीजिए. आप और आपके भाई समीर घोष और आपकी पूरी फैमिली का रेकी कर लिया है. मेरे एक इशारे पर किसी का भी खोपड़ी खोल दिया जाएगा. मैसेज मिलते ही आप जल्द से जल्द सेटलमेंट कीजिए. नहीं तो तितोस जैसा घर के लिए तैयार रहिए.”- प्रिंस खान
मिस कॉल और वॉइस कॉल से बनाया दबाव
व्हाट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजने के बाद भी गैंगस्टर का कहर नहीं थमा. कारोबारी पर दबाव बनाने के लिए सुबह 6:19, 9:27, 9:29 और दोपहर 12:53 बजे अलग-अलग समय पर व्हाट्सएप वॉइस कॉल्स और मिस्ड कॉल्स किए गए. कारोबारी ने जब डर के मारे फोन नहीं उठाया, तो बाद में आए वॉइस कॉल के माध्यम से धमकी देते हुए कहा गया कि अगर पुलिस को खबर की तो भी खोपड़ी खोल देंगे. इस धमकी के बाद से मिहिर घोष, उनके भाई समीर घोष और उनका पूरा परिवार बुरी तरह डरा और सहमा हुआ है.
पहले भी रांची में मचा चुका है उत्पात
रांची में प्रिंस खान का आतंक पहले भी देखने को मिल चुका है. कुछ ही दिन पहले एयरपोर्ट इलाके में एक रेस्टोरेंट कारोबारी से रंगदारी मांगी गई थी, जहां पैसे नहीं देने पर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टोरेंट में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें एक वेटर की मौत हो गई थी. इसके अलावा अल्बर्ट एक्का चौक के पास थड़पखना, राधा गोविंद स्ट्रीट स्थित ‘जय हिन्द फार्मा’ के दवा कारोबारी से भी प्रिंस खान के नाम पर 1 करोड़ रुपये की भारी रंगदारी मांगी गई थी.
जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. डरे-सहमे कारोबारी ने पुलिस प्रशासन से अपने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है. पुलिस की टेक्निकल सेल उन नंबर्स और आईपी एड्रेस को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है, जहां से ये इंटरनेशनल कॉल्स और मैसेजे आए हैं.
