Bokaro: बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने कैंप-2 स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों के संधारण की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उपायुक्त ने कार्यालय में कार्यरत सभी कर्मियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली. उन्होंने क्रम वार उपस्थिति पंजी, रोकड़ बही, निर्गत पंजी, वेतन पंजी, कर्मियों के कार्य आवंटन से संबंधित अभिलेख, आवंटन पंजी, इंडेक्स पंजी सहित विभिन्न कार्यालयीय पंजी एवं अभिलेखों का अवलोकन किया.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी पंजी एवं अभिलेखों को एक सप्ताह के भीतर अद्यतन, सुव्यवस्थित एवं संधारित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कार्यालयी अभिलेखों का नियमित संधारण प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता एवं दक्षता के लिए आवश्यक है.
शिक्षकों के वेतन भुगतान प्रक्रिया की नियमित समीक्षा करने का निर्देश
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया, कि वे प्रत्येक माह एक अथवा दो दिन शिक्षकों के वेतन भुगतान से संबंधित प्रक्रियाओं की विशेष रूप से समीक्षा करें, ताकि भुगतान कार्य समयबद्ध एवं निर्बाध रूप से संपादित हो सके तथा शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, भवन स्थित सामान्य शाखा एवं रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया तथा अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव एवं सुव्यवस्थित संधारण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहारा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पलामू: उपायुक्त ने की कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने का दिया निर्देश
