Palamu: पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, धुमकुड़िया भवन निर्माण, सरना/जाहेरस्थल घेराबंदी, कब्रिस्तान घेराबंदी, मांझी हाउस निर्माण सहित अन्य योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की जानकारी दी गयी. बताया गया कि कल्याण विभाग पोर्टल पर कुल 1,76,650 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है, जिनमें से 1,67,460 आवेदन स्वीकृत किये गये हैं. वहीं 1,32,274 विद्यार्थियों का अंतिम रूप से सत्यापन किया जा चुका है.

31,523 साइकिलों का किया जा चुका है वितरण
समीक्षा में यह भी बताया गया कि जिले में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ी जाति के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण की प्रक्रिया संचालित है. अब तक 31,523 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 1,873 साइकिलें आपूर्तिकर्ता द्वारा अप्राप्त रहने के कारण लंबित हैं.
धुमकुड़िया भवन निर्माण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 23 योजनाओं में से 4 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा शेष 19 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है. वहीं सरना/मसना/जाहेर एवं हड़गड़ी स्थल घेराबंदी योजना अंतर्गत विभिन्न वित्तीय वर्षों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया.
रोजगार सृजन योजना, छात्रावास मरम्मति व ने मामलों की भी की गई समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, छात्रावास मरम्मति, धार्मिक स्थल निर्माण तथा अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गयी. संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके. इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारेलाल, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे.
