Jamtara: उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को जिला खनन विभाग की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चार ट्रैक्टर जब्त किए.

आगे की कारवाई की जा रही
जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक अकलेश कुमार के नेतृत्व में नाला थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. जब्त वाहनों को अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए नाला थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है. वहीं, बिंदापाथर थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए स्टोन चिप्स लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया. संबंधित मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.
दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन, उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार नजर बनाए हुए है. ऐसे मामलों की सूचना मिलते ही त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उपायुक्त ने बताया कि जिला खनन कार्यालय एवं सभी थाना प्रभारियों को अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
