चाईबासा: शौच के लिए गए युवक पर जंगली दंतैल हाथी ने किया हमला, गंभीर रूप से घायल

Chaibasa: जगन्नाथपुर प्रखंड के टोंडागहातु पंचायत अंतर्गत तेंतोड़ीपोसी गांव निवासी 36 वर्षीय चाम्पय केराई गुरुवार सुबह जंगली दंतैल हाथी के हमले में...

Jagannathpur block
घायल युवक

Chaibasa: जगन्नाथपुर प्रखंड के टोंडागहातु पंचायत अंतर्गत तेंतोड़ीपोसी गांव निवासी 36 वर्षीय चाम्पय केराई गुरुवार सुबह जंगली दंतैल हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना सुबह करीब 6:20 बजे की है, जब चाम्पय केराई रोज की तरह मुरजुम्बा (कमरगड़ा) क्षेत्र की ओर शौच के लिए गए थे. बताया जा रहा है कि शौच के दौरान अचानक उनका सामना एक जंगली दंतैल हाथी से हो गया. हाथी को सामने देख वे घबराकर भागने लगे, लेकिन भागने के क्रम में वे जमीन पर गिर पड़े. इसी दौरान हाथी ने उन्हें पैरों से कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद हाथी वहां से जंगल की ओर चला गया.

 बेहतर इलाज के लिए घायल को सदर अस्पताल चाईबासा किया गया रेफर

गंभीर रूप से घायल चाम्पय केराई ने किसी तरह आवाज लगाकर ग्रामीणों को बुलाया. ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें घर लेकर आए. घायल ने बताया कि उनकी पीठ और कमर में काफी दर्द है तथा रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगने की आशंका है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विभागीय वाहन से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगन्नाथपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया है.

जिला परिषद सदस्य घायल से मिलने पहुंचे सीएचसी जगन्नाथपुर

वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया भी सीएचसी जगन्नाथपुर पहुंचे और घायल से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि घायल को चाईबासा ले जाने के लिए एंबुलेंस की आवश्यकता थी, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया. उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है.

मानसिंह तिरिया ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और वन विभाग से नियमानुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे. घटना के समय पीड़ित के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

इधर, ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर चिंता जताते हुए वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित निगरानी रखने तथा लोगों को समय-समय पर सतर्क करने की मांग की है. हाथियों के बढ़ते उत्पात से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है.

यह भी पढ़ें: बोकारो: शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप, युवक गिरफ्तार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *