Koderma: जिले के मरकच्चो प्रखंड मुख्यालय स्थित मरकच्चो बाजार में गुरुवार की शाम भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. जाम इतना लंबा था कि कोडरमा जिले के उप विकास आयुक्त रवि जैन का वाहन भी उसमें फंस गया.

बाजार की स्थिति देखने पहुंचे थे DDC
दरअसल, उप विकास आयुक्त मरकच्चो बाजार की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे. इसी दौरान उनका वाहन बाजार रोड पर लगे जाम में फंस गया. स्थिति ऐसी हो गई कि उन्हें वाहन जाम में छोड़कर पैदल ही बाजार तक जाना पड़ा.
अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण बनी समस्या
बताया जाता है कि बाजार क्षेत्र में सड़कों के किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और बढ़ती भीड़ के कारण अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है. इसके चलते आम लोगों, राहगीरों, बाजार आने-जाने वालों तथा वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
Also Read: SIR में कोई मतदाता छूटे नहीं, बूथ स्तर पर सक्रिय हों कार्यकर्ता: JMM
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ प्रशासन
उप विकास आयुक्त के जाम में फंसने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया, जिसके बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका.
स्थानीय लोगों ने की स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र और मरकच्चो मुख्य मार्ग में नियमित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने तथा समुचित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके.
