Hazaribagh : बरही क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में तिलैया डैम के बेन्दगी पोडैया क्षेत्र में इको टूरिज्म पार्क का निर्माण किया जाएगा. वन विभाग की इको टूरिज्म योजना के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिल गई है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 6.70 करोड़ रुपये की लागत से इस योजना को धरातल पर उतारा जाएगा.

विधायक ने विधानसभा में उठाया था मामला
बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने बताया कि तिलैया डैम को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने विधानसभा में यह मामला उठाया था. इसके बाद सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित हुआ. उन्होंने स्थानीय डीएफओ मौन प्रकाश के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी पहल से परियोजना को मंजूरी मिल सकी है.
डाइनिंग हॉल, बोटिंग और एम्फी थिएटर की होगी सुविधा
इको टूरिज्म पार्क के निर्माण के साथ तिलैया डैम में पर्यटकों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. परियोजना के तहत डाइनिंग हॉल, बोटिंग की व्यवस्था तथा एम्फी थिएटर का निर्माण किया जाएगा. एम्फी थिएटर में सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा सकेगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
युवाओं को मिलेगा रोजगार, बढ़ेगी आर्थिक गतिविधियां
विधायक ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. वहीं पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होने से आसपास के छोटे व्यवसायियों, दुकानदारों और अन्य स्थानीय लोगों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा. इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
टूरिस्ट कॉटेज की भी उठाई गई मांग
उन्होंने बताया कि वर्तमान स्वीकृत योजना में टूरिस्ट कॉटेज का प्रावधान नहीं है, लेकिन भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार से इसकी मांग की गई है. यदि टूरिस्ट कॉटेज का निर्माण भी स्वीकृत हो जाता है तो बाहर से आने वाले पर्यटकों को ठहरने की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
राष्ट्रीय स्तर पर बनेगी तिलैया डैम की पहचान
विधायक मनोज कुमार यादव ने विश्वास जताया कि इको टूरिज्म पार्क के निर्माण के बाद तिलैया डैम की पहचान झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में होगी. साथ ही यह स्थान राज्य की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी.
Also Read : चक्रधरपुर रेल मंडल में CBI की कार्रवाई, राउरकेला RPF थाना प्रभारी हिरासत में
