Hazaribagh : जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया ई-रिक्शा और उसकी चार बैटरियां भी बरामद कर ली हैं. इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस को जलमा गांव से ई-रिक्शा चोरी की लिखित शिकायत मिलने के बाद कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना में कांड संख्या 90/26 दर्ज किया गया. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने सिलवार जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर चोरी गया सिल्वर रंग का ई-रिक्शा (JH02BJ659) और ईस्टमैन कंपनी की चार बैटरियां बरामद कर लीं.

दोनों आरोपी जलमा गांव के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय सूरज कुमार और 24 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है. दोनों आरोपी कटकमसांडी थाना क्षेत्र के जलमा, कनखपुर गांव के निवासी हैं. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस पूरे अभियान में पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, सहायक अवर निरीक्षक लोसो किस्को तथा पेलावल ओपी के रिजर्व गार्ड के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
Also Read : चतरा : ज्वेलरी दुकान लूटने आयें बिहार के 4 कुख्यात डकैत हथियारों के साथ गिरफ्तार
