रेत में दफन महिला का शव मिलने से सनसनी, सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस

Chatra: रांची और चतरा जिले की सीमा से सटे पिपरवार के पास सपही नदी क्षेत्र में शनिवार को एक अज्ञात महिला का...

Chatra: रांची और चतरा जिले की सीमा से सटे पिपरवार के पास सपही नदी क्षेत्र में शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव नदी के बीच बालू में दबा हुआ मिला, जिससे हत्या कर साक्ष्य छिपाने की आशंका जताई जा रही है. घटना पंडरिया पुल से करीब 200 मीटर दूर मगरदाहा बंद ओपन कास्ट माइंस के समीप की है. जानकारी के अनुसार, सुबह शौच के लिए नदी किनारे गए ग्रामीणों की नजर बालू से बाहर निकले मानव हाथ और पैर पर पड़ी. नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि वह एक महिला का शव है. शव का अधिकांश हिस्सा बालू के अंदर दबा हुआ था, जबकि हाथ और पैर बाहर दिखाई दे रहे थे. सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतका ने गुलाबी रंग के कपड़े पहन रखे थे. शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा था और उससे दुर्गंध आ रही थी. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या के बाद पहचान और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बालू में दबाया गया होगा. घटनास्थल रांची और चतरा जिले की सीमा पर होने के कारण मामले ने नया मोड़ ले लिया. सूचना मिलने के बाद दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लंबे समय तक क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही. ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शव बरामदगी जैसी गंभीर घटना में त्वरित कार्रवाई करने के बजाय पुलिस काफी देर तक यह तय करने में उलझी रही कि मामला किस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है.

यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस के जवान ने जीता स्वर्ण पदक, देश और राज्य का नाम किया रोशन

जांच में जुटी चतरा पुलिस

शव मिलने के बाद पिपरवार, पंडरिया और आसपास के इलाकों में दहशत और चर्चा का माहौल है. पिपरवार थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. मृतका की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले की हर पहलू से गहन जांच की जाएगी.

यह भी पढ़ें: डिजिटल क्रांति, किसान और अंत्योदय: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रांची से विकसित भारत का किया शंखनाद

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *