Giridih : जिला मे रविवार सुबह बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. लेकिन इसी हल्की बारिश ने गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी. कई इलाकों में नालियां जाम रहने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर लबालब भर गया. जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र की स्थिति दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है. जगह जगह नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. जिससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है.

जलजमाव की स्थिति बनी
बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. सड़कों पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं. जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी हुई है. दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के महापौर और उपमहापौर समय समय पर सफाई व्यवस्था को लेकर बड़े बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है. रविवार की बारिश ने इन दावों की वास्तविकता उजागर कर दी है.
ALSO READ : 9 लाख बिजली बिल आने पर उपभोक्ता ने विद्युतकर्मी को पीटा, रिम्स रेफर
