9 लाख बिजली बिल आने पर उपभोक्ता ने विद्युतकर्मी को पीटा, रिम्स रेफर

Ranchi : बुढ़मू थाना क्षेत्र के उमेडंडा निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत राहुल कुमार (28 वर्ष) के साथ शनिवार रात करीब...

Ranchi : बुढ़मू थाना क्षेत्र के उमेडंडा निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत राहुल कुमार (28 वर्ष) के साथ शनिवार रात करीब 8 बजे मारपीट की घटना सामने आयी. इस हमले में राहुल के सर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आयी. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बुढ़मू सामुदायिक स्वास्थय केंद्र से रिम्स रेफर कर दिया गया.
पीड़ित राहुल कुमार ने बताया कि वह पावर हाउस से कार्यालय जा रहे थे. इसी दौरान नाउज गांव के पास डुंडु गांव निवासी रवि कुमार ने उन्हें रोक लिया. रवि का आरोप था कि उसके नाम पर 9 लाख 10 हजार 663 रुपये का बिजली बिल आया है और इसके लिए राहुल जिम्मेदार हैं.

गांव से लोगों को बुलाकर की मारपीट

राहुल के अनुसार उन्होंने रवि को समझाने की कोशिश की कि बिजली बिल संबंधी शिकायत का आवेदन देने पर जांच कर सुधार कराया जा सकता है. लेकिन रवि ने उनकी बात नहीं सुनी. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रवि ने अपने गांव से कुछ अन्य लोगों को भी बुला लिया और सभी ने मिलकर राहुल के साथ मारपीट की.
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी.

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना तुरंत बुढ़मू पुलिस को दी गई. हालांकि पुलिस के पहुंचने तक राहुल के साथ काफी मारपीट हो चुकी थी. पुलिस ने घायल विद्युतकर्मी को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी. वहीं, राहुल कुमार ने बुढ़मू थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर नाराजगी

क्षेत्र में हाल के दिनों में अधिक बिजली बिल आने की शिकायतों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ी हुई है. कई ग्रामीण स्मार्ट मीटर को बढ़े हुए बिजली बिल का कारण बता रहे हैं. इसी नाराजगी के बीच यह हिंसक घटना सामने आई है.

 

ALSO READ  : NEWS WAVE FOLLOW UP : उत्पाद सिपाही परीक्षा के वायरल प्रश्न पत्र मामले में जानें अब तक क्या – क्या हुआ

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *