चाईबासा: जिला मुख्यालय स्थित मधु बाजार में शुक्रवार की देर रात एक भीषण अग्निकांड हुआ.शहर के प्रसिद्ध रोलेक्स रेस्टोरेंट में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया.जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में रेस्टोरेंट पूरी तरह जलकर खाक हो गया है.

जानकारी के अनुसार,आग शुक्रवार की देर रात लगी.आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते,लपटों ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया.स्थानीय निवासियों ने रेस्टोरेंट से धुंआ और आग की लपटें उठती देख तुरंत इसकी सूचना संचालक अनिल कुमार अग्रवाल और अग्निशमन विभाग को दी.सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची.अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, वरना मधु बाजार जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में यह आग आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़ी तबाही हो सकती थी.

