Ranchi: झारखंड में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार 8 से 14 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं कुछ इलाकों में भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है.
तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने 8 और 9 जून को कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं 10 से 12 जून के बीच दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड में वर्षा की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है. 13 और 14 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

मानसून के लिए अनुकूल बने हालात
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और सक्रिय मौसमी तंत्र के कारण झारखंड में मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. इसका असर आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के रूप में देखने को मिल सकता है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई. इस अवधि में डालटनगंज का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा. वहीं चाईबासा का न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
ALSO READ: बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर DC-SP की अपील, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें अभिभावक
