Latehar: बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत भगिया पंचायत के केरी ग्राम में नवस्थापित उत्कर्ष विद्या निकेतन स्कूल, केरी का शुभ उद्घाटन जिला सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद कुशवाहा द्वारा फीता काटकर किया गया. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
शिक्षा ही विकसित समाज और राष्ट्र की आधारशिला: लक्ष्मण प्रसाद कुशवाहा
इस अवसर पर मुख्य अतिथि लक्ष्मण प्रसाद कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन की वह प्रकाश किरण है, जो हमें सही और गलत का ज्ञान कराती है. शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की नींव रखता है. बच्चों को शिक्षा के प्रति समर्पित होकर मन लगाकर अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे भविष्य में अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकें.

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह विद्यालय एक महत्वपूर्ण पहल है. इससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा.
Also Read: HC ने सरकार से पूछा, बताएं कब तक पूरा होगा लैंड सर्वे?
ग्रामीणों ने बताया ऐतिहासिक पहल
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विद्यालय की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताया. उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के खुलने से आसपास के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे गणमान्य लोग
इस अवसर पर प्रोफेसर राहुल कुमार, शिक्षक शशि जी, गुड्डू मिश्रा, महेश भुइयां, वीरु भगत, राजेंद्र भगत, शोभा देवी, सोमा देवी, राजकिशोर साव, अशोक साव, सौरभ कुमार, मनीष कुमार, अरविंद कुमार, विवेक महतो, महेंद्र शाह, उमेश शाह, राजेश पांडेय, नीतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
आभार के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ. ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि उत्कर्ष विद्या निकेतन क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल स्थापित करेगा और बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
