Ranchi: राजधानी रांची के हटिया स्थित धुर्वा डैम के फाटक के पास पैर फिसलने से एक 14 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई. मृत बच्ची की पहचान हटिया निवासी श्रेया गाड़ी के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घूमने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय श्रेया गाड़ी अपने परिवार के सदस्यों के साथ धुर्वा डैम घूमने के लिए आई थी. डैम के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने और घूमने के दौरान वह डैम के फाटक के निचले हिस्से की तरफ चली गई. इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई. जब तक आसपास के लोग या परिजन उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक वह पानी में डूब चुकी थी.

मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों और लोगों की मदद से बच्ची को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया है.
