खूंटी: अफीम तस्करी का खुलासा, 2.328 किलो अफीम के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

Khunti: खूंटी पुलिस को अफीम की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना के आधार पर रनिया थाना क्षेत्र...

Khunti: खूंटी पुलिस को अफीम की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना के आधार पर रनिया थाना क्षेत्र के तांबा गांव के समीप छापेमारी कर पुलिस ने 2.328 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 जून को एसपी को सूचना मिली थी कि तांबा गांव के पास कुछ लोग अवैध अफीम की खरीद-बिक्री के लिए जुटने वाले हैं. सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी टीम जब तांबा गांव के पास पहुंची तो वहां दो मोटरसाइकिलों पर चार व्यक्ति खड़े दिखाई दिए. पुलिस वाहन को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 2.328 किलोग्राम अफीम, तीन स्क्रीन टच मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई.

यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव: त्रिकोणीय चक्रव्यूह में फंसी दो सीटें, प्रस्तावक में सीएम से लेकर दो पूर्व सीएम भी हैं शामिल

नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाथ लोमगा (50 वर्ष), बिरसा बरजो (31 वर्ष), सुपार कन्डायबुरु (43 वर्ष) तथा गांदु बरजो उर्फ संदीप बरजो (29 वर्ष) के रूप में हुई है. सभी पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि अफीम की खेती पश्चिमी सिंहभूम जिले में होती है और उसे खूंटी एवं रांची जिले के अफीम कारोबारियों को बेचकर मुनाफा कमाया जाता है. पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा विजय कुमार सिंह, थाना प्रभारी मणि दीप, पुलिस पदाधिकारी रामदेव यादव, मनोज कच्छप तथा एनडीपीएस थाना खूंटी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

यह भी पढ़ें: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 36 हजार मिलीलीटर बीयर जब्त, दो युवक गिरफ्तार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *