Ranchi: राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. राज्य के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी झारखंड के स्वाभिमान और स्थानीय प्रतिनिधित्व की अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि पहले भाजपा अडानी-अंबानी की राजनीति लेकर आई और अब परिमल नाथवानी को झारखंड पर थोपने का प्रयास कर रही है.
भाजपा विधायकों से अंतरात्मा की आवाज पर वोट करने की अपील
डॉ. अंसारी ने दावा किया कि विधानसभा में उनकी कई भाजपा विधायकों से मुलाकात हुई है. उन्होंने उनसे दलगत राजनीति, दबाव और भय से ऊपर उठकर झारखंड के हित में मतदान करने की अपील की. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या झारखंड में योग्य, शिक्षित और संघर्षशील लोगों की कमी है, जो बाहरी उम्मीदवारों को राज्य का प्रतिनिधित्व सौंपा जा रहा है.

Read Also: भाजपा को अपने नेताओं पर नहीं भरोसा, इसलिए नाथवानी के सहारे लड़ रही चुनाव : कांग्रेस
क्या झारखंड में योग्य लोगों की कमी है?: डॉ. इरफान अंसारी
मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन नेताओं ने पहले नाथवानी की आलोचना की, आज वही उनका समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने इसे भाजपा की दोहरी राजनीति करार दिया. साथ ही भाजपा विधायकों और सांसदों से महागठबंधन के उम्मीदवार प्रणव झा का समर्थन करने की अपील की.
झारखंड की संस्कृति समझने वाला प्रतिनिधि चाहिए: डॉ. इरफान अंसारी
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड का प्रतिनिधित्व ऐसा व्यक्ति करे जो राज्य की संस्कृति, सोच और जनता की आकांक्षाओं को समझता हो. उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के कई विधायक पार्टी लाइन से ऊपर उठकर झारखंड के सम्मान और भविष्य को प्राथमिकता देंगे.
