Ranchi: कांके डैम की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर रांची नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है. निगम की इंफोर्समेंट टीम ने वार्ड संख्या-1 स्थित कांके डैम के किनारे अतिक्रमण कर चलाए जा रहे 11 अवैध सूअर पालन केंद्रों को ध्वस्त कर दिया. नगर निगम के अनुसार इन पिगरियों से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के कारण डैम के पानी और आसपास के वातावरण के प्रदूषित होने का खतरा बढ़ रहा था. इसी को देखते हुए डैम क्षेत्र को अतिक्रमण और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चलाया गया.
यह भी पढ़ें: भाजपा को अपने नेताओं पर नहीं भरोसा, इसलिए नाथवानी के सहारे लड़ रही चुनाव : कांग्रेस

कांके डैम प्रमुख जल स्रोतों में से एक
निगम ने कहा कि कांके डैम रांची की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर और प्रमुख जल स्रोतों में से एक है. इसके संरक्षण में बाधा बनने वाली किसी भी अवैध गतिविधि, अतिक्रमण या प्रदूषण फैलाने वाले कार्यों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. रांची नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे जलाशयों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें. निगम का कहना है कि स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त कांके डैम के संरक्षण में आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है.

यह भी पढ़ें: अडानी-अंबानी के बाद अब नाथवानी मॉडल, झारखंड को नहीं बनने देंगे सौदेबाजी का मैदान : डॉ. इरफान अंसारी
