Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो से पास आउट एक और होनहार प्रतिभा ने शहर और राज्य का परचम राष्ट्रीय स्तर पर लहराया है. विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. विजय मनोहर ने जीवन के चुनौतीपूर्ण क्षण को अपनी प्रेरणा का स्रोत बनाया. देशभर में अपनी कामयाबी का डंका बजाया. विद्यालय के 2014 बैच के विद्यार्थी डॉ. विजय मनोहर ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा आईएनआई-एसएस (इंस्टीट्यूट ऑफ़ नेशनल इम्पोर्टेंस सुपर स्पेशियलिटी) एग्जाम 2026 में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया. उन्होंने एमसीएच रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी की अखिल भारतीय परीक्षा में रैंक 1 हासिल करने में सफलता हासिल की.
राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान
इसके लिए पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में केवल एक सीट है, जिसके लिए डॉ. विजय ने जी-तोड़ पढ़ाई कर राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल कर अपना दाखिला सुनिश्चित किया. इसके साथ ही गुर्दा-प्रत्यारोपण शल्यक्रिया की यह चिकित्सकीय पढ़ाई वह अगले तीन साल तक करेंगे.

विधालय परिवार में खुशी का माहौल
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है. प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने डॉ. विजय को बधाई देते हुए इस कामयाबी को गौरवपूर्ण तथा सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया. सोमवार को एक खास बातचीत में डॉ. विजय ने कहा कि कोरोनाकाल उनके जीवन के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण और जीवन का यू-टर्न साबित हुआ. उस वक्त वह बोकारो में थे और महामारी के इस दौर में लोगों को जिस चिकित्सकीय संकट का सामना करना पड़ रहा था, उसने उन्हें काफी प्रभावित किया. उस दौरान ही उन्होंने मानवता की सेवा के संकल्प के साथ ठान लिया कि जीवन में उन्हें और आगे बढ़ते हुए अपनी चिकित्सकीय क्षमता बढ़ानी है, ताकि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित कर सकें. इस दिशा में उन्होंने सभी के सहयोग से मेहनत की और आज परिणाम सामने है.
AlsoRead:जामताड़ा के फतेहपुर लूटकांड में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार और चांदी बरामद
