Bokaro : पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू प्रमुख सुदेश महतो की अध्यक्षता में सोमवार को बोकारो में पार्टी के केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक में 22 जून को धनबाद में पार्टी का स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया. इस अवसर पर सुदेश महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में आजसू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन आज भी शहीदों के सपनों का झारखंड नहीं बन पाया है. उन्होंने राज्य में माफिया राज, शोषण और लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि जनहित की आवाज उठाने वालों को जेल भेजा जा रहा है. धनबाद से नए उलगुलान और संघर्ष का बिगुल फूंका जाएगा.
आजसू का सदस्यता अभियान तेज, सैकड़ों युवाओं ने थामा पार्टी का दामन
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई. 5 जुलाई को रांची में महिला महाधिवेशन तथा 7-8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा महाधिवेशन आयोजित करने का निर्णय लिया गया. विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने राज्य सरकार पर विस्थापितों और रैयतों के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि आजसू दमनकारी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी. बैठक में बूथ से लेकर राज्य स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, जनसरोकार के मुद्दों को उठाने तथा राज्य की राजनीतिक स्थिति पर व्यापक चर्चा की गई. धनबाद की हालिया घटना पर भी समीक्षा कर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया. इस दौरान चंदनकियारी के युवा नेता विकास बाउरी, समाजसेवी पंकज सिंह, धर्मदेव रजवार और पूर्व कार्यपालक अभियंता सुरजन कपरदार समेत सैकड़ों युवाओं ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की. पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के बढ़ते जनाधार का संकेत बताया.

