-
755 करोड़ बनाम 4 करोड़: क्या लोकतंत्र में धन का बढ़ता दबदबा तय करेगा मुकाबला
SAURAV SINGH
Ranchi: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए इस बार का चुनाव सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि आर्थिक असमानता की एक बड़ी तस्वीर बनकर सामने आया है. नामांकन के साथ ही दाखिल हलफनामों ने इस मुकाबले को ‘बराबरी की टक्कर’ से हटाकर ‘असमान जंग’ में बदल दिया है, जहां निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी 755.04 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ अपने प्रतिद्वंद्वियों से बहुत आगे खड़े हैं, जबकि जेएमएम समर्थित बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा क्रमशः 4.55 करोड़ और 1.91 करोड़ की संपत्ति के साथ पारंपरिक राजनीतिक वर्ग का प्रतिनिधित्व करते दिखते हैं.
यह भी पढ़ें: 22 जून को धनबाद में आजसू का 40वां स्थापना दिवस, नए उलगुलान का होगा आगाज : सुदेश महतो

गुना-गणित में भारी अंतर
यह अंतर इतना बड़ा है कि नाथवानी की संपत्ति बैद्यनाथ राम से करीब 166 गुना और प्रणव झा से लगभग 394 गुना अधिक बैठती है. दोनों प्रतिद्वंद्वियों की कुल संपत्ति को जोड़ देने पर भी यह आंकड़ा नाथवानी के मुकाबले बेहद छोटा नजर आता है. नाथवानी का प्रोफाइल इस चुनाव में एक कॉरपोरेट दिग्गज की तरह उभरता है. उनके हलफनामे के अनुसार उन्होंने अकेले 338.56 करोड़ रुपये शेयर और बॉन्ड में निवेश कर रखे हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम पर भी करीब 11.88 करोड़ रुपये के शेयर दर्ज हैं.
जमीन-जायदाद का बड़ा फैलाव
नाथवानी के परिवार के पास 261 करोड़ रुपये की रिहायशी संपत्ति और 47.5 करोड़ रुपये की गैर-कृषि भूमि है. उनकी पत्नी के पास 13.67 करोड़ रुपये की ज्वेलरी है, जो अपने आप में इतनी बड़ी है कि यह उनके दोनों प्रतिद्वंद्वियों की कुल घोषित संपत्ति से भी ज्यादा बैठती है. इस विशाल संपत्ति के साथ उनकी देनदारी भी कम नहीं है. नाथवानी पर करीब 251.58 करोड़ रुपये का कर्ज है, जबकि उनकी पत्नी पर भी 4.77 करोड़ रुपये की देनदारी दर्ज है. परिवार के नाम पर करीब 98.29 लाख रुपये का एक सोलर प्लांट भी है.
बैद्यनाथ राम के पास 250 ग्राम सोना और 7 किलो चांदी
दूसरी ओर, बैद्यनाथ राम की प्रोफाइल एक जमीनी नेता की तरह उभरती है. 61 वर्षीय राम लातेहार क्षेत्र के बड़े जमीन मालिक हैं, जिनके पास जाल्टा, कराकट और धोबी मुहल्ला में 14 एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि के साथ कई आवासीय प्लॉट हैं. उनकी आय का मुख्य स्रोत खेती, मकानों का किराया और पेंशन है, जबकि उनकी पत्नी व्यवसाय से जुड़ी हैं. संपत्ति के रूप में उनके पास करीब 250 ग्राम सोना और 7 किलो चांदी है. गाड़ियों के मामले में वे इस मुकाबले में सबसे आगे हैं. उनके परिवार के पास पांच वाहन हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.12 करोड़ रुपये आंकी गई है.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: जाम से आमलोग बेहाल, बड़ा तालाब से पावरगंज तक रोजाना लगता है घंटों जाम
प्रणव झा की साफ-सुथरी प्रोफाइल, 2.95 लाख लग्जरी कलाई घड़ी भी
प्रणव झा की प्रोफाइल इस चुनाव में सबसे अलग नजर आती है. 53 वर्षीय लॉ ग्रेजुएट झा अविवाहित हैं और उन पर एक रुपये का भी कर्ज नहीं है. उनके पास चंडीगढ़ में फ्लैट और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में प्लॉट हैं. उनके पास 180 ग्राम सोना और 50 ग्राम गोल्ड गिन्नी है. व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुओं में उनके पास एक लग्जरी कलाई घड़ी भी है, जिसकी कीमत करीब 2.95 लाख रुपये बताई गई है, जो उनकी प्रोफाइल में एक अलग पहचान जोड़ती है.
