Hazaribagh : जिले के बरही थाना क्षेत्र में बीती रात करीब एक बजे करसो पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्की सोनी केदारनाथ यात्रा पर रवाना हुए थे. मृतक के चालक उन्हें कोडरमा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास उनकी कार अचानक पंचर हो गई. बताया जाता है कि दोनों सड़क किनारे वाहन रोककर टायर बदल रहे थे. तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने विक्की सोनी को निशाना बनाते हुए उनकी गर्दन में गोली मार दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए.
पुलिस कर रही छान बीन
चालक ने मामले में बरही पुलिस को सूचना दी. बरही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

ALSO READ : झारखंड: CID मुख्यालय में 20 साल से जमे हैं कई पुलिसकर्मी, प्रोन्नति के बाद भी नहीं हुआ तबादला
