Ranchi: झारखंड सरकार के लाखों कर्मचारियों के लिए एक बेहद शानदार और बड़ी खुशखबरी है. राज्य सरकार ने अपने सभी सेवीवर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा कर दी है. वित्त विभाग द्वारा जारी नए संकल्प के अनुसार, राज्य कर्मियों के महंगाई भत्ते को बढ़ा दिया गया है.
अब 58% से बढ़कर 60% हुआ महंगाई भत्ता
झारखंड सरकार के वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत, सातवें केंद्रीय वेतनमान (सप्तम वेतन पुनरीक्षण) का लाभ ले रहे राज्य कर्मियों के महंगाई भत्ते की दर में 2% की वृद्धि की गई है. कर्मचारियों को अब तक 58% की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा था, जिसे अब बढ़ाकर सीधे 60% (साठ प्रतिशत) कर दिया गया है. यह बढ़ोतरी 01 जनवरी, 2026 के प्रभाव से लागू मानी जाएगी. यानी कर्मचारियों को पिछले महीनों का बकाया (एरियर) भी दिया जाएगा. PDF-DA 60_compressed

केंद्र सरकार की तर्ज पर कैबिनेट ने दी मंजूरी
झारखंड सरकार का यह फैसला भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के लिए लिए गए निर्णय के अनुरूप है. केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में अपने कर्मियों का डीए बढ़ाया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने भी इस पर सम्यक् विचार किया. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई थी. जिसके बाद वित्त विभाग ने इस आदेश को अमलीजामा पहनाया.
सिर्फ मूल वेतन पर ही मिलेगा लाभ
झारखंड सेवा संहिता के नियम-34 (ए) के तहत स्पष्ट किया गया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता केवल कर्मचारियों के मूल वेतन पर ही देय होगा. इसे किसी भी प्रकार के विशेष वेतन या वैयक्तिक वेतन पर नहीं जोड़ा जाएगा.
