हजारीबाग में अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, एर्टिगा वाहन जब्त, उत्पाद विभाग की कार्रवाई, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

Hazaribagh : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के...

Hazaribagh : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है. मंगलवार तड़के कोर्रा थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. साथ ही शराब ढोने में प्रयुक्त एक मारुति सुजुकी एर्टिगा वाहन को भी जब्त कर लिया गया. उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. गुप्त सूचना के आधार पर सुबह करीब 4:30 बजे सिंदूर चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक सफेद रंग की एर्टिगा को संदेह के आधार पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला.

पीछा करने पर वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक

उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन का पीछा किया. पीछा किए जाने पर चालक कटकमदाग थाना क्षेत्र के सालगांव हाई स्कूल के समीप वाहन खड़ा कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया. इसके बाद अधिकारियों ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.

55 कार्टन में मिली 475 लीटर से अधिक शराब

तलाशी के दौरान वाहन से 55 कार्टन अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. जब्त शराब में लंदन ब्रेवरेज निर्मित जार्ज विलियम ब्रांड की 180 एमएल क्षमता वाली कुल 475.2 लीटर विदेशी शराब शामिल है. इसके अलावा रॉयल ग्रीन ब्रांड की 375 एमएल क्षमता की छह बोतलें भी बरामद हुईं.

अभियुक्तों की तलाश जारी

उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और वाहन को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है. मामले में शामिल तस्करों की पहचान की जा रही है तथा उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

कठोर कार्रवाई की चेतावनी

छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक भुवनेश्वर नायक, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read : मैट्रिक के छात्र को अवैध हिरासत में रखने का मामला: HC ने चतरा SP से पूछा जिम्मेदार पुलिस कर्मियों पर क्या कार्रवाई हुई?

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *