रांची: 365वीं जगन्नाथपुर रथयात्रा की तैयारी को लेकर DC की समीक्षा बैठक, रथ मार्ग पर होगी विशेष बैरिकेडिंग

मेला क्षेत्र के 500 मीटर दायरे में शराब बिक्री पर रोक Ranchi: आगामी 365वीं जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित...

  • मेला क्षेत्र के 500 मीटर दायरे में शराब बिक्री पर रोक

Ranchi: आगामी 365वीं जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज आयोजित बैठक में रथयात्रा की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए. बैठक में निर्णय लिया गया कि रथयात्रा और मेले के दौरान मेला परिसर के 500 मीटर के दायरे में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. प्रशासन द्वारा इसकी व्यापक सूचना आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे रथ मार्ग पर विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी. बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और भीड़ नियंत्रण के लिए वॉच टावर स्थापित किए जाएंगे. मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र बनाया जाएगा, जबकि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.

यह भी पढ़ें: सिमडेगा के आमों ने बनाई वैश्विक पहचान, पहली बार लंदन पहुंची आम्रपाली की खेप

साफ-सफाई का रखा जाएगा ध्यान

प्रशासन ने रथ यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाने, दुकानों को निर्धारित दायरे में संचालित करने और सड़क मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं. मंदिर मार्ग और रथ पथ की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को कहा गया. स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. मेला क्षेत्र में प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालयों का निर्माण किया जाएगा तथा पूरे मेले का लेआउट प्लान तैयार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: रांचीवासियों के लिए सुनहरा मौका: 30 जून तक होल्डिंग टैक्स जमा करें, पाएं 10% तक की छूट

सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे

आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. फायर ब्रिगेड की तैनाती की जाएगी और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने और नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं. पार्किंग शुल्क निर्धारित होगा और शुल्क सूची का सार्वजनिक प्रदर्शन अनिवार्य रहेगा ताकि श्रद्धालुओं से अधिक राशि की वसूली न हो सके. बैठक में मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों और मेला संबंधी निविदा प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई. प्रशासन ने जगन्नाथपुर रथयात्रा को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *