Chaibasa: झारखंड आंदोलन के पुरोधा, पूर्व सांसद एवं सामाजिक न्याय के प्रबल पक्षधर डॉ. सूरज मंडल को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किए जाने की मांग तेज हो गई है. राष्ट्रीय सूड़ी समाज ने केंद्र सरकार से इस संबंध में औपचारिक आग्रह करते हुए कहा है कि डॉ. मंडल का योगदान केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत रहा है.
आंदोलन के अग्रणी नेताओं में रहे हैं डॉ सूरज मंडल
राष्ट्रीय सूड़ी समाज के राष्ट्रीय संयोजक रणवीर मंडल ‘भारतीय’ ने कहा कि डॉ. सूरज मंडल ने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड के स्वाभिमान, आदिवासी-मूलवासी समाज, किसानों, मजदूरों, वंचितों एवं शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया है. झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है और वे इस आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शामिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि डॉ. मंडल को ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित करना करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान होगा.

सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को दी प्राथमिकता
वहीं, राष्ट्रीय सूड़ी समाज के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल ने कहा कि डॉ. सूरज मंडल झारखंड आंदोलन के ऐसे सशक्त योद्धा हैं, जिन्होंने अपने पूरे जीवन में सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने आदिवासी-मूलवासी, किसान, मजदूर और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों की लड़ाई को अपनी प्राथमिकता बनाया. झारखंड राज्य के निर्माण में उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है.
सम्मान झारखंड आंदोलन में हुए संघर्षों का भी होगा सम्मान
रविंद्र मंडल ने कहा कि डॉ. सूरज मंडल को ‘पद्म भूषण’ सम्मान प्रदान करना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं होगा, बल्कि झारखंड आंदोलन के सभी संघर्षशील सेनानियों और राज्य की जनता की भावनाओं का सम्मान होगा. उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि डॉ. मंडल के लंबे सार्वजनिक जीवन, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को देखते हुए उन्हें शीघ्र ही इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया जाए.
अलग अलग संगठनों ने भी किया समर्थन
राष्ट्रीय सूड़ी समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है. समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि झारखंड के विभिन्न जिलों से इस मांग को व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोगों की आवाज लगातार बुलंद हो रही है. उनका मानना है कि डॉ. सूरज मंडल को सम्मानित करना झारखंड आंदोलन के इतिहास, उसके संघर्षों और राज्य निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति देश की कृतज्ञता का प्रतीक होगा.
ALSO READ : पेशा नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये प्रखंड स्तरीय समिति का गठन
