Ranchi: मध्य प्रदेश के बाद झारखंड में भी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा चरम पर है. सत्ता और विपक्ष की ओर से हाई-वोल्टेज राजनीतिक ड्रामा देखने को मिल रहा है. भाजपा समर्थित परिमल नाथवानी के नामांकन दाखिल करने के बाद चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन होल्ड पर रख दिया था.
उनके नाम को लेकर भ्रम की स्थिति थी क्योंकि कहीं उनका नाम परिमल नाथवानी तो कहीं नाथवानी परिमल दर्ज था. इसी को लेकर कांग्रेस की ओर से विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने आपत्ति जताई थी. जिसके बाद परिमल नाथवानी का नामांकन होल्ड पर रख दिया गया था. लेकिन दो दिनों तक चले विवाद के बाद आखिरकार परिमल नाथवानी का नामांकन मंजूर कर लिया गया है.

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर मुकाबला
झारखंड से राज्यसभा की दो सीटें खाली हैं, लेकिन उम्मीदवार तीन हैं. परिमल नाथवानी एक निर्दलीय उम्मीदवार हैं, जिन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है. वहीं, गठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा चुनावी मैदान में हैं.
नामांकन पर आपत्ति के बाद बढ़ी थी हलचल
बता दें कि नामांकन होल्ड पर किए जाने की खबर मिलते ही परिमल नाथवानी विधानसभा पहुंचे थे और अपनी ओर से सफाई दी थी. वहीं, निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार भी विधानसभा पहुंचे थे और पूरे मामले की जानकारी ली थी.
