Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर विधानसभा परिसर में हंगामा कर संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर चुनावी प्रक्रिया पर दबाव बनाने का प्रयास किया.
चुनावी प्रक्रिया पर दबाव बनाने का आरोप
आदित्य साहू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में संभावित हार की चिंता कांग्रेस को सता रही है, जिसके कारण वह अधिकारियों को डराने-धमकाने और संवैधानिक कार्यों में बाधा डालने का काम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को न चुनाव आयोग पर भरोसा है और न ही लोकतांत्रिक व्यवस्था पर.


कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की कि चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा परिसर में दादागिरी और गुंडागर्दी करने का प्रयास कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है.
खरीद-फरोख्त की राजनीति का आरोप
आदित्य साहू ने कांग्रेस पर खरीद-फरोख्त और जोड़-तोड़ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी झारखंड के लोगों की बजाय बाहरी उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव किया गया और उन्हें विधानसभा गेट के बाहर रोक दिया गया.
निष्पक्ष चुनाव की अपील
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और दबावमुक्त होनी चाहिए. साथ ही चुनाव से जुड़े अधिकारियों से बिना किसी दबाव के निष्पक्ष निर्णय लेने की अपील की.

