Jamtara: जिले में चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए जाने से सफल अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है. गुरुवार को अभ्यर्थियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की.
अभ्यर्थियों ने बताया कि विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चौकीदार भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी. 17 फरवरी 2025 को विज्ञापन प्रकाशित हुआ था, जबकि 27 अप्रैल 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई. इसके बाद 5 मई को लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया गया. 14 और 15 मई को शारीरिक जांच एवं दौड़ प्रतियोगिता हुई, जिसका परिणाम 19 मई को प्रकाशित किया गया. इसके बाद 19 और 20 मई को शारीरिक माप-तौल सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी कर 21 मई 2025 को अंतिम मेधा सूची जारी कर दी गई थी.

भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा मामला उच्च न्यायालय में लंबित
सफल अभ्यर्थियों में दयामय दास, एंथनी किस्कू, जीवन कृष्ण सिंह, अख्तर हसन, बीरबल सोरेन, दिव्या कुमारी, रीना किस्कू, पूजा मुर्मू, सविता सिंह, दिलीप पंडित और जोगननाथ भोक्ता शामिल है. अभ्यर्थियों का कहना है कि अंतिम मेधा सूची जारी होने के काफी समय बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया लंबित है. जबकि राज्य के अन्य जिलों में चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके है. अभ्यर्थियों ने यह भी बताया कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा मामला उच्च न्यायालय में लंबित था, लेकिन करीब दो माह पूर्व स्थगन आदेश समाप्त हो गया है. इसके बावजूद जामताड़ा जिले में नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई है.
उन्होंने कहा कि देरी के कारण अभ्यर्थियों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई अभ्यर्थी लंबे समय से रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं. ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से मांग की कि अन्य जिलों की तर्ज पर जामताड़ा जिले में भी चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाए. इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
ALSO READ: पैनम कोल माइंस अवैध खनन मामला: HC ने कंपनियों को अलग-अलग जवाब दाखिल करने का आदेश
