Ranchi: राजधानी के जयपाल सिंह मुंडा मैदान में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे एक छात्र की स्वास्थ्य स्थिति अचानक बिगड़ गई. स्थिति गंभीर होने पर मैदान में मौजूद अन्य साथियों और पुलिस-प्रशासन की मदद से छात्र को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.मिली जानकारी के अनुसार, छात्र पिछले कुछ दिनों से जयपाल सिंह मुंडा मैदान में शांतिपूर्ण तरीके से अनशन और धरना-प्रदर्शन कर रहे थे. लगातार भूखे-प्यासे रहने के कारण शुक्रवार को एक छात्र की हालत अचानक बिगड़ने लगी. अनशन स्थल पर ही उसे तेज चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थानीय पुलिस की मदद से बीमार छात्र पहुंचा अस्पताल
घटना के तुरंत बाद साथ में मौजूद आंदोलनकारी छात्रों ने एंबुलेंस को सूचना दी और स्थानीय पुलिस की मदद से बीमार छात्र को अस्पताल पहुंचाया .अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, लगातार अनशन के कारण छात्र का ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल काफी नीचे गिर गया था, जिससे उसके शरीर में अत्यधिक कमजोरी आ गई थी. फिलहाल ड्रिप और आवश्यक दवाओं के जरिए उसकी हालत को स्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है.

ALSO READ : JPSC-JSSC छात्रों के आंदोलन को निशिकांत दुबे का समर्थन, बोले- 13 अगस्त तक फैसला नहीं हुआ तो अनशन करूंगा


