Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है. भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने मंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयान को महिलाओं का अपमान बताया और मुख्यमंत्री से उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है. गीता कोड़ा ने कहा कि महिलाओं के संदर्भ में “चेहरे की चमक बढ़ जाने” जैसी टिप्पणी करना पूरे महिला समाज का अपमान है. उन्होंने इसे शर्मनाक, निंदनीय और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया. भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि इरफान अंसारी पहले भी महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं और यह कोई पहला मामला नहीं है.
मंत्री के बयान पर भाजपा का तीखा हमला
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मंत्री महिलाओं के लिए विवादित शब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं. साथ ही कांग्रेस नेताओं पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और राज्य सरकार को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि महिलाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए इरफान अंसारी को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाया जाए.

ALSO READ: पहली बारिश में रांची नगर निगम की परीक्षा, क्विक रिस्पांस टीम ने संभाला मोर्चा
सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा के प्रयोग की अपील
गीता कोड़ा ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की ओर से लगातार महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान दिए जा रहे हैं, जिसे जनता गंभीरता से देख रही है.
