Ranchi: मॉनसून की पहली तेज बारिश के साथ ही रांची नगर निगम की तैयारियों की भी परीक्षा हुई. गुरुवार को हुई भारी वर्षा के दौरान शहर के कुछ इलाकों में जलजमाव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, लेकिन निगम की क्विक रिस्पांस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर हालात को जल्द सामान्य कर दिया. बारिश के दौरान सेवा सदन और बड़ा तालाब के समीप जलजमाव की सूचना मिलते ही निगम ने सुपर सकर मशीन और डिसिल्टिंग मशीन को मौके पर भेजा. टीम ने तेजी से पानी की निकासी कर यातायात और आमजन की परेशानी को कम किया.
जलजमाव और पेड़ गिरने की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई
वहीं, तेज हवा और बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पेड़ और डालियां गिर गईं. राजेंद्र चौक, कचहरी, अशोक नगर, सेंट जॉन्स स्कूल के पास, मेकॉन और कडरू समेत कुल 14 स्थानों से ऐसी सूचनाएं मिलीं. निगम की टीम ने तत्काल पहुंचकर रास्तों से अवरोध हटाए और आवागमन को सुचारु बनाया.

ALSO READ: आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त सख्त, खाद्यान्न वितरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नालों की सफाई का दिखा असर, संवेदनशील इलाकों में नहीं हुआ बड़ा जलभराव
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार मॉनसून से पहले बड़े और छोटे नालों की सफाई, गाद निकासी और जल निकासी मार्गों को अवरोधमुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया था. इसी का असर रहा कि कोकर महावीर नगर, खोरहाटोली, पंचशील नगर, हरमू नदी क्षेत्र, निवारणपुर और हिंदपीढ़ी जैसे संवेदनशील इलाकों में भारी बारिश के बावजूद पानी का बहाव सामान्य बना रहा और बड़े पैमाने पर जलभराव की स्थिति नहीं बनी.
