Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

हजारीबाग: उपायुक्त ने की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा, अस्पतालों में सुधार पर दिया जोर

Hazaribagh: जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत...

Hazaribagh
उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

Hazaribagh: जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, आधारभूत सुविधाओं, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई.

शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में किए गए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निरीक्षण के क्रम में दिए गए निर्देशों की अनुपालन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल में बिजली व्यवस्था, स्वच्छता, पार्किंग सुविधा, सोलर पैनल की मरम्मत एवं संचालन, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, कूलर एवं पंखों सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की. अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं तथा अधिकांश कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है.

समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि केवल तात्कालिक उपायों से काम नहीं चलेगा, बल्कि प्रशासनिक दृष्टिकोण अपनाकर समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना होगा. उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में जवाबदेही तय करने और बेहतर प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया.

सदर अस्पताल में लगेगी ब्लड सेपरेटर मशीन

बैठक में ब्लड बैंक की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने रक्त की उपलब्धता की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए. इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की. बता दें वर्तमान में रक्त के विभिन्न अवयवों को अलग करने के लिए नमूनों को रांची भेजना पड़ता है, जिससे समय की काफी खपत होती है. ऐसे में मशीन की स्थापना के बाद हजारीबाग में ही रक्त अवयव पृथक्करण की सुविधा उपलब्ध होगी और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार मिल सकेगा.

स्वच्छ अस्पताल परिसर पर दिया विशेष जोर

उपायुक्त ने अस्पतालों की साफ-सफाई को मरीजों के उपचार से सीधे जुड़ा विषय बताते हुए इस पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल संक्रमण के खतरे को कम करता है, बल्कि मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में भी सहायक होता है.

आयुष्मान भारत योजना और संस्थागत प्रसव की समीक्षा

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया, कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक पहुंचे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव की दर बढ़ाने के लिए भी प्रभावी रणनीति अपनाने को कहा, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके.

टीबी मुक्त हजारीबाग अभियान को मिलेगी नई दिशा

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले में टीबी मरीजों की संख्या, उनके उपचार की स्थिति तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने एक अभिनव पहल के तहत टीबी से पूरी तरह स्वस्थ हो चुके मरीजों को कार्यक्रम का “ब्रांड एंबेसडर” बनाने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ हो चुके मरीज अपने अनुभव साझा कर अन्य रोगियों को उपचार के प्रति प्रेरित कर सकते हैं तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

सहिया के रिक्त पद जल्द भरने का निर्देश

बैठक में सहिया नियुक्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ सब-सेंटरों की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी ली.

ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में संसाधनों की कमी का मुद्दा उठा

बैठक में उपस्थित विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर सिस्टम की स्थापना, एंबुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. इस पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी तथा अधिष्ठापन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया जाएगा.

जवाबदेह और सशक्त स्वास्थ्य व्यवस्था बनाने की दिशा में पहल

बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में लिए गए निर्णयों को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: लेदा मंडल में भाजपा पदाधिकारियों की घोषणा, संगठन विस्तार को मिलेगी नई मजबूती

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *