Giridih: भारतीय जनता पार्टी के नवसृजित लेदा मंडल में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने अपने मंडल पदाधिकारियों की घोषणा कर दी. यह घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश तथा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय की सहमति से की गई. मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति एवं समन्वय से पदाधिकारियों का चयन किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
मोर्चों के पदाधिकारियों की घोषणा भी जल्द
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की भी घोषणा की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसका श्रेय पार्टी के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जाता है.

ALSO READ: बीमार मां को देखने निकली थी, फिर हो गई लापता: तीन साल के बेटे संग गायब महिला की तलाश में भटक रहा पति
पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे.
